दिल्ली-यूपी में छाया घना कोहरा, सैकड़ों उड़ानें और ट्रेन हुई लेट; अभी और बढ़ेगी ठिठुरन!
दिल्ली और यूपी में शुक्रवार शाम से ही घना कोहरा पड़ रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में जहां बर्फबारी थमने से राहत मिली है और दोपहर के बाद धूप खिल रही है। वहीं मैदानी इलाकों में घने कोहरे के असर से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई है। इसका हवाई, रेल और सड़क यातायात पर भी असर पड़ रहा है।
प्रदेश कोहरे की चादर में लिपटा रहा
इधर हरियाणा में ठंड बढ़ने के साथ ही शुक्रवार को प्रदेश कोहरे की चादर में लिपटा रहा। दृश्यता 10 मीटर होने से कई जिलों में हादसे हुए। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्का से मध्यम कोहरा और पूर्वी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की संभावना है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर और इटावा में सबसे कम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों स्थान प्रदेश में सबसे ठंडे रहे।
दिल्ली घने कोहरे की चादर में लिपटी रही
शुक्रवार को सुबह दो घंटे दिल्ली घने कोहरे की चादर में लिपटी रही। इस कारण आइजीआइ एयरपोर्ट पर 100 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुईं। उधर,श्रीनगर एयरपोर्ट भी दोपहर तक ठप रहा और अमृतसर एयरपोर्ट पर तीन उड़ानें रद करनी पड़ीं। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी कोहरे का असर मैदानी क्षेत्रों में रहेगा। कई क्षेत्रों में दृश्यता शून्य हुईदिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।राजधानी में कई इलाकों में सुबह दृश्यता शून्य भी रही। इस कारण लगभग 100 ट्रेनें विलंब से दिल्ली पहुंची। दिल्ली से रवाना होने वाली 41 ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया। कुछ यही हाल पंजाब का भी रहा। जहां तीन जिलों में दृश्यता शून्य रही। राज्य में भठिंडा और गुरुदासपुर पांच डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य में सबसे ठंडे स्थल रहे।