पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में रविवार को हिमपात और वर्षा से मामूली राहत मिली, इस बीच सरकारी मशीनरी ने हालात सामान्य बनाने के लिए कार्य तेज कर दिया है।
हालांकि ठंड से अभी कोई राहत नहीं मिलती नहीं दिख रही है। पहाड़ों में हिमपात से शुरू हुई कड़ाके की ठंड का असर अब उत्तर भारत के कई राज्यों में दिख रहा है।
दिल्ली में रविवार को तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दिल्ली में तापमान न्यूनतम 13 डिग्री और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में 4.6 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ बालसमंद प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। राज्य के नौ जिलों में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
आज छाए रहेंगे घने कोहरे
वहीं बात करें आज के मौसम की तो मौसम विभाग ने राजधानी में सोमवार को घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 18 और 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
यूपी में कई जिलों में आज पड़ेगी कड़ाके की ठंड
बात करें उत्तर प्रदेश की तो अधिकांश जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। सहारनपुर से लेकर गोरखपुर-कानपुर तक कोहरा छाया रहेगा। कई शहरों का तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे शीतलहर की स्थिति बन सकती है।
राजस्थान के इन जिलों में शीतलहर का अलर्ट
वहीं, राजस्थान के कई जिलों में आज शीतलहर और कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, टोंक, नागौर, सीकर, झुंझुनू और अलवर में शीतलहर का येलो अलर्ट है। वहीं, बूंदी, जयपुर, दौसा, करौली, धौलपुर, भरतपुर, सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, सिरोई, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, भीलवाड़ा, राजसमंद, कोटा, झालावाड़ और बारां में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।उधर पंजाब के कई जिलों में रविवार को भी हल्की वर्षा हुई। राज्य के छह जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ राज्य में कई जिलों में घनी धुंध भी छाई रही। बता दें कि मौसम विभाग ने सोमवार को घने कोहरे की संभावना जताई है।