मौसम विभाग का नया अपडेट: दिल्ली-यूपी को कोहरे और ठंड से अभी नहीं मिलेगी राहत, कई राज्यों में बारिश की संभावना;
उत्तर भारत इस समय कड़ाके की ठंड और कोहरे की चपेट में है। राजधानी दिल्ली में घने कोहरे के साथ शीतलहर का प्रकोप जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले कुछ दिनों तक यही स्थिति देखने को मिल सकती है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी हवाओं की वजह से 10 से 12 जनवरी के बीच उत्तर पश्चिम भारत में बारिश होने की संभावना है।आईएमडी ने बताया कि पिछले 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप देखने को मिला है।
वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोल्ड डे दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ये स्थिति बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने मंगलवार को बताया कि उत्तराखंड के कुछ इलाकों में पिछले 24 घंटों में पाला भी पड़ा है।
घने कोहरे की चपेट में उत्तर भारत
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि उत्तर प्रदेश , दिल्ली, जम्मू कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और ओडिशा के अधिकांश इलाकों में घना कोहरा देखने को मिला है। आने वाले एक से दो दिनों तक ऐसे ही घने कोहरे की मार देखने को मिल सकती है। मंगलवार को घने कोहरे के कारण कुछ इलाकों में विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई।
दिल्ली के मौसम का हाल
भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान सोमवार को 9.6 डिग्री सेल्सियस से मामूली बढ़कर 10.5 डिग्री सेल्सियस हो गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक है। मंगलवार को सुबह राजधानी में घने कोहरे की मार देखने को मिली, जिस कारण ट्रेनें काफी देरी से चलीं। उड़ानों पर भी असर देखने को मिला।
अभी और गिरेगा पारा
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले 2 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और उसके बाद 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। इसके अलावा पूर्वी भारत में अगले 2 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है और उसके बाद कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।