ब्रेकिंग न्यूज मध्य प्रदेश

पड़ने लगी कड़ाके की ठंड, देखिए मध्य प्रदेश में किस शहर का क्या है हाल?

भोपाल। मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में पारे में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है। कई जिलों में तो तापमान 13 डिग्री के नीचे पहुंच गया है। इस कारण लोगों को कड़ाके की ठंड के महसूस होने लगी है। ग्वालियर में तापमान गिरकर 11.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। आश्चर्यजनक बात यह है कि मध्य प्रदेश में सबसे कम तापमान हिल स्टेशन पचमढ़ी में रिकॉर्ड होता है, लेकिन गुरुवार शुक्रवार के दरमियान ग्वालियर प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रहा। पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो कि ग्वालियर से 0.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. शैलेंद्र नायक ने बताया कि ग्वालियर में तापमान तेजी से गिरने का कारण उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाएं हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में उत्तर भारत की ओर से सर्द हवाएं आ रही हैं। अभी उत्तर भारत के कुछ स्थानों में बारिश तो कुछ स्थानों में बर्फबारी का असर दिखाई दे रहा है। यही कारण है कि अब मध्य प्रदेश का मौसम भी ठंडा होने लगा है। प्रदेश में 34 स्थान में दर्ज होने वाले तापमान के अनुसार 19 जिले ऐसे हैं, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 15 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वर्तमान में हवाओं का रुख उत्तरी और उत्तर पूर्वी बना हुआ है। इन्हीं हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आ रही है। प्रमुख जिलों के न्यूनतम तापमान की बात करें तो सबसे कम तापमान ग्वालियर में 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। पचमढ़ी में 11.6, दतिया में 12, गुना में 12.6, उमरिया और मलाजखंड में 12.6, छतरपुर के नौगांव में 12.5, भोपाल में 15, इंदौर में 15, जबलपुर में 13 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। मध्य प्रदेश में न्यूनतम ही नहीं, अधिकतम तापमान में भी गिरावट का सिलसिला जारी है। तीन जिलों को छोड़ दिया जाए तो उसके अलावा अन्य सभी जिलों का अधिकतम तापमान भी गिरकर 30 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया है।
बालाघाट के मलाजखंड में 26.4, खजुराहो में 27.6, जबलपुर में 28.7, भोपाल में 28.5, ग्वालियर में 27.7, इंदौर में 27.4, रायसेन और शिवपुरी में 27 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ है। हालांकि मौसम विभाग ने दृष्टिकोण जारी करते हुए बताया है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि आ सकती है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *